18 अगस्त 2019 - 13:33
यूरेनियम संवर्धन की मात्रा 300 से 370 किलो तक पहुंच गई हैः ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख ने बताया है कि देश में यूरेनियम संवर्धन की मात्रा 300 किलो से 370 किलो तक पहुंच गई है और हमने आईआर-6 व आईआर-7 प्रकार के सेंट्रीफ़्यूजों पर काम किया है और अब आईआर-8 सेंट्रीफ़्यूज पर काम करने जा रहे हैं।

संसद के एक धड़े के प्रवक्ता सैयद हुसैन नक़वी हुसैनी ने बताया कि ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख अली अकबर सालेही रविवार को इस धड़े की बैठक में कहा कि परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने के बाद, परमाणु तकनीक के क्षेत्र में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सभी आदेशों को लागू किया गया मगर ग़ैर तकनीकी अनुच्छेद उनके कार्य क्षेत्र से बाहर थे इस लिए विदेश मंत्रालय उनके बारे में उत्तरदायी होगा। उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आरंभ से ही अमरीका से वार्ता के विरोधी थे और उनका कहना था कि अमरीकियों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इसी प्रकार उनका कहना था कि यूरेनियम संवर्धन के ईरान के अधिकार को औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाना चाहिए।

 

हुसैन नक़वी हुसैनी ने कहा कि अगर परमाणु समझौते से अमरीका के निकलते ही ईरान भी उससे निकल जाता तो अमरीका ईरान के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय सहमति बनाने की कोशिश करता या पिछले प्रस्तावों को बहाल कर देता इसी लिए यह क़दम नहीं उठाया गया और इस संबंध में फ़ैसला करने का अधिकार परमाणु समझौते के क्रियान्वयन पर नज़र रखने वाली टीम को दिया गया। उन्होंने श्री सालेही के हवाले से बताया कि हमने आज तक राजनैतिक दृष्टि से ईरान के ख़िलाफ़ वैश्विक सहमति नहीं होने दी है और पश्चिमी जगत में हमारे दुश्मन, ईरान की शक्ति व प्रभुत्व को मानने पर मजबूर हो गए हैं।

 

ईरान की संसद के विलाई धड़े के प्रवक्ता का कहना था कि परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख अली अकबर सालेही ने बताया है कि हमने यूरेनियम संवर्धन की मात्रा 300 किलो से बढ़ा कर 370 किलो तक पहुंचा दी है और अब आईआर-8 नामक नए व विकसित सेंट्रिफ़्यूज का इस्तेमाल हमारे एजेंडे में शामिल है। श्री सालेही ने कहा कि हमें अपने युवाओं और वैज्ञानिकों पर पूरा भरोसा है।